10 वर्षीय अभिषेक हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

दीपावली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ था विवाद, छोटी सी रंजिश में मासूम की हत्या; दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी
ब्यूरो चीफ:भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़ (दमोह)। दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूढ़ा में 10 वर्षीय मासूम अभिषेक अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए गांव के ही 19 वर्षीय युवक कमलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दीपावली के दौरान पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद और छोटी सी रंजिश के चलते आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे अभिषेक अहिरवार (10 वर्ष), पिता बहादुर उर्फ लखन अहिरवार, निवासी ग्राम गूढ़ा के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर थाना तेजगढ़ पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर बालक की तलाश शुरू की। लगातार तलाश के दौरान 16 नवंबर 2026 को गांव के पास खेत में बालक का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने हत्या की दिशा में जांच तेज कर दी।
शव पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
पटाखों के विवाद में की मासूम की हत्या
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहिरवार के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कमलेश अहिरवार पिता मुन्नी अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गूढ़ा पर संदेह हुआ। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 10 नवंबर को दीपावली के दौरान पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में अभिषेक की हत्या की थी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार इस मामले में दो अन्य अभियुक्त भी शामिल हैं, जिन्होंने आरोपी को साक्ष्य छिपाने में मदद की थी। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी शेष है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी रखते हुए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, थाना प्रभारी तेजगढ़ अरविंद सिंह, चौकी प्रभारी इमलिया, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना की।
मासूम अभिषेक की हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल था। पुलिस द्वारा मामले का खुलासा किए जाने के बाद अब ग्रामीणों की नजर उन दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है, जिनकी भूमिका साक्ष्य छिपाने में बताई गई है।



