गांधी जी अतिक्रमण की गिरफ्त में, नागरिकों ने की गांधी चौराहे पर प्रतिमा लगाने की मांग
सिलवानी। नगर के मुख्य मार्ग किनारे बने गांधी चबूतरे पर राष्टपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है। इस मूर्ति को चौराहे पर लगाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। देश को अंग्रेजों की दासता से मुक्ति दिलाने में अहम योगदान देने वाले पूज्य बापू महात्मा गांधी के नाम पर बनाया गया गांधी चबतूरा तथा चबूतरा पर स्थापित की गई गांधी प्रतिमा प्रशासन की अनदेखी के कारण बदहाली के दौर से गुजर रही है। अतिक्रमण के कारण चबूतरा अपनी पहचान खोता जा रहा है। वहीं दूर से देखने में गांधी प्रतिमा दिखाई ही नहीं देती है।
चबूतरा के आसपास गंदगी एवं अतिक्रमण होने से गांधी प्रतिमा का अस्तित्व ही समाप्त होता जा रहा है। दूर से देखने पर न तो चबूतरा और न ही प्रतिमा नजर आती है।
वर्तमान में नगर के आमापानी से बजरंग चौराहे तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। नगर सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक एवं समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को बीच चौराहे पर लगाकर गांधी चौराहे का सौन्द्रीयकरण किया जाये।



