मध्य प्रदेश

कलेक्टर ने की विभागीय गतिविधियों, सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की समीक्षा

रायसेन । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण हेतु की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी ली। कलेक्टर दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन शिकायत प्राप्त होते ही नियमानुसार कार्यवाही की जाए। कोई भी शिकायत अधिक समय तक लंबित ना रहे।
कलेक्टर दुबे ने शिकायतों के निराकरण में विभागों की प्रदेश स्तर पर ग्रेडिंग की जानकारी लेते हुए सभी जिला अधिकारियों को संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित शिकायतकर्ता से चर्चा कर उसकी समस्या, परेशानी के बारे में वस्तुस्थिति जाने और नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता को अवगत भी कराएं। बैठक में समाधान ऑनलाइन संबंधी शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निराकरण संबंधी निर्देश दिए।
कलेक्टर दुबे ने समय सीमा वाले विभागीय लंबित पत्रों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी पत्र कार्यवाही हेतु लंबित ना रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आरईएस, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अनेक विभागों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button