मध्य प्रदेश

झंडा चौक में कांग्रेस का प्रदर्शन, केन्द्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

छात्र छात्राओं को श्रद्धांजलि देकर जलाए कैंडल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शनिवार को उमरियापान के हृदय स्थल झंडा चौक में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए छात्र-छात्राओं के समर्थन में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की । इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों की मांगों का समर्थन किया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की बात कही ।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव शैलेन्द्र पौराणिक ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है । श्री पौराणिक ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों को न्याय मिलने के बजाय उनके साथ कठोर कार्रवाई की गई, जिससे पूरे देश के युवाओं में आक्रोश है ।
कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास किया गया । उन्होंने आरोप लगाया कि संसद भवन के समीप छात्रों का समर्थन करने पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ भी पुलिस द्वारा अनुचित व्यवहार किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है । श्री दीक्षित कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है और सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए ।
उन्होंने ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करने की मांग की ।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की । सभी ने हाथों में कैंडल लेकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की ।
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मास्टर शिवकुमार चौरसिया, सरपंच अटल ब्यौहार, मौजीलाल पौराणिक, सुखदेव चौरसिया, कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित, जनपद सदस्य शैलेन्द्र पौराणिक, सुनील पाठक, विराट पाण्डेय, स्वतंत्र चौरसिया, सुनील पटेल, लकी चौरसिया, नमन चौरसिया, दम्मी चौरसिया, कुलदीप तिवारी, मिकी चौरसिया, सुशील मिश्रा, नरेश चौरसिया, मंकू चौरसिया, पोटे चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन शैलेन्द्र पौराणिक ने किया । प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाए ।

Related Articles

Back to top button