किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं किसान कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में कृषि उपज मंडी परिसर में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान साथियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल एवं किसान कांग्रेस अध्यक्ष दीवान अमर सिंह ने ज्ञापन में बताया कि गेहूं उपार्जन की तिथियां बार-बार बदलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू न होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिससे वे बैंक ऋण चुकाने में असमर्थ होकर डिफाल्टर और ओवरड्यू की श्रेणी में पहुंच रहे हैं। उन्होंने शासन से किसानों की इस क्षति की भरपाई की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय टंडन, पूर्व जिला अध्यक्ष रत्नचंद जैन एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा ने प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को हितैषी बताने वाली सरकार वास्तव में उनके साथ अन्याय कर रही है। समर्थन मूल्य और बोनस को लेकर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की गई।धरना प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष गोलू सराफ, डालचंद, बसंत कुशवाहा, रजनी ठाकुर, कमला निषाद सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित करते हुए किसानों की समस्याओं को उठाया। कार्यक्रम का संचालन संगठन प्रभारी नितिन मिश्रा एवं कार्यालय प्रभारी बीरेंद्र ठाकुर ने किया धरना समाप्ति के बाद कांग्रेसजनों ने खरीदी केंद्र पहुंचकर किसानों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित समस्याओं से एसडीएम को अवगत कराया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।



