कांग्रेस का कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह। लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
प्रदर्शन के दौरान तीन-चार पुतलों में आग लगाए जाने पर फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब-जब भाजपा डरती है, पुलिस को आगे किया जाता है।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव, पूर्व विधायक प्रताप सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा पटेरिया, मानक पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया और वहां प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम दमोह निकेत चौरसिया को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर तहसीलदार धनीराम गौड़, डीएसपी सौरभ त्रिपाठी, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाले, टीआई मनीष कुमार, टीआई अमित मिश्रा, टीआई नेहा गोस्वामी, यातायात निरीक्षक आकांक्षा जोशी, सब इंस्पेक्टर चंदन सिंह, चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और वज्र वाहन भी तैनात किए गए थे।



