मध्य प्रदेशराजनीति

इंदौर जलकांड पर कांग्रेस का आक्रोश: पर्यटन राज्यमंत्री के निवास पर घंटा बजाकर विरोध

विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा । मध्यप्रदेश के इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत और 3 हजार से अधिक लोगों के बीमार होने की दर्दनाक घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में दमोह जिले के विधानसभा क्षेत्र जबेरा अंतर्गत ग्राम नोहटा में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन स्वतंत्र प्रभार पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के निवास पर पहुंचकर किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाकर सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
यह आंदोलन मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक प्रताप सिंह ने कहा कि इंदौर जैसे बड़े और औद्योगिक शहर में लोगों को मल-मूत्र से दूषित पानी पीने के लिए मजबूर किया जाना मोहन यादव सरकार की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इंदौर के प्रभारी स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हैं, इसके बावजूद ऐसी भयावह घटना घटित होना सरकार की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
पूर्व विधायक प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि इंदौर में हुई मौतों और बीमारियों को लेकर जब एक पत्रकार ने सवाल पूछा तो भाजपा के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकार से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा फालतू सवाल मत करो, घंटा मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।” कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बयान न केवल असंवेदनशील है, बल्कि मासूम नागरिकों की मौत का मज़ाक उड़ाने जैसा है।
कांग्रेस ने मांग की कि कैलाश विजयवर्गीय को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज यह विरोध प्रदर्शन एक अंतिम चेतावनी है। यदि सरकार ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं की और जिम्मेदार मंत्रियों को पद से नहीं हटाया गया, तो आने वाले चुनाव में जनता सरकार को करारा जवाब देगी। जिस तरह आज जनता को “घंटा” दिखाया जा रहा है, उसी तरह चुनाव में जनता भी सरकार को “घंटा” दिखाएगी।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व विधायक प्रताप सिंह, गोविंद तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष तेंदूखेड़ा तुलाराम यादव, जिला पंचायत सदस्य रजनी ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, संतोष रजक, नीलेश यादव, मोहन सिंह, सुल्तान सिंह, लकी जैन, इदरीस खान, रविराज सिंह, भगवत सिंह लोधी, राजा खान, पूरन सिंह लोधी, लोकेंद्र सिंह, रतन सिंह, प्रवीण राय, गौरव दुबे, अंशुल यादव, राजकुमार लोधी, इस्राएल खान, नवीन सिंघई, दिनेश ठाकुर, टिंकू शर्मा, भागवत धनगर, भल्लू सिंह ठाकुर, नवकुसु ठाकुर, धन सिंह, अनिल खरे, मोहित गर्ग, सुरेंद्र राजपूत सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि इंदौर जलकांड पूरे प्रदेश की बदहाल व्यवस्था का आईना है। जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और जिम्मेदार मंत्रियों की जवाबदेही तय नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button