नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का मशाल जुलूस, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले एवं लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेसजन कराकर क्षेत्र में एकत्रित हुए और हाथों में मशाल लेकर पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी से करीब 22 लाख विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का मनोबल टूट रहा है और कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
पूर्व विधायक अजय टंडन ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015-16 से अब तक कई परीक्षा घोटाले सामने आ चुके हैं, जिनसे करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, जबकि सत्ता पक्ष के नेता शक्ति प्रदर्शन में लगे हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में मानक पटेल, मनु मिश्रा, वीरेन्द्र दुबे, निधि श्रीवास्तव, मंजीत यादव, रियाज खान, डालचंद कुशवाहा, लालचंद राय, गीता लोधी, शमीम कुरैशी, डीपी पटेल, विजय कुशवाहा, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, शुभम तिवारी, अजय जाटव, नितिन मिश्रा, विक्रम ठाकुर, शानू जुनेजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



