मगरमच्छ का कहर : नदी में नहाने गई महिला को घाट से नदी के पानी मे खींचा दर्दनाक मौत
गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
दमोह के कनिया घाट पटी की घटना
ब्यूरो चीफ : भगवतसिंह लोधी
नोहटा । दमोह जिले के नोहटा थाना अंतर्गत कनिया घाट पटी से निकली ब्यारमा नदी में एक बार फिर मगरमच्छ का कहर देखने को मिला है। जहा नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कनिया घाट पर नहाने गई एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान मालती पति मेघराज सिंह के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक मालती नदी में नहाने गई थी तभी मगरमच्छ ने उसे पानी में खींच लिया। दूसरी महिला ने यह खौफनाक मंजर देखा और शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने पत्थर मारकर मगरमच्छ को भगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी — महिला की मौत हो चुकी थी और उसका शव कुछ दूरी पर तैरता मिला।
गौरतलब है कि ब्यारमा नदी में मगरमच्छों का आतंक कोई नई बात नहीं है। पिछले साल हटरी गांव में भी एक 11 साल के बच्चे की जान मगरमच्छ के हमले में चली गई थी। गूढ़ा इलाके में इस नदी में 50 से ज्यादा मगरमच्छ होने की बात सामने आ रही है, जिससे तटीय गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गुस्साए ग्रामीणों ने इस घटना के बाद दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे और दमोह-तेंदूखेड़ा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग केवल रेस्क्यू तक सीमित न रहे, बल्कि मगरमच्छों को स्थायी रूप से संरक्षित क्षेत्रों में शिफ्ट किया जाए, ताकि लोगों की जान को खतरा ना रहे।



