मध्य प्रदेश

सिलवानी जंगल में मिला तेंदुए का शवः मौत भूख प्यास या शिकार से हुई कारण अज्ञात

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा कारण
सिलवानी । मंगलवार को रायसेन जिले के सिलवानी वन परिक्षेत्र की पश्चिम रेंज में एक तेंदुए का शव मिला। यह शव प्रतापगढ़ बीट के ग्राम बावलिया के जंगल और खेत के बीच पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर वन मंडल अधिकारी प्रतिभा शुक्ला खुद मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय जंगल किनारे तेंदुए को मृत अवस्था में देखा। उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
वन विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृत तेंदुआ लगभग दो साल का था। हालांकि, उसकी मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वन विभाग ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वन विभाग ने आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शाम को तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार भी किया गया। तेंदुआ की मौत भूख प्यास से हुई है या शिकार इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

Related Articles

Back to top button