मध्य प्रदेश

साप्ताहिक बाजार में भीड़ के बीच वाहनों पर रोक की मांग

सिलौंडी मुख्य मार्ग पर 8 घंटे आवागमन प्रतिबंध की उठी आवाज1

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया

उमरियापान। जिले के सबसे बड़े साप्ताहिक बाजारों में शामिल सिलौंडी बाजार में हर बुधवार लगने वाली भीड़ के बीच अब सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं । व्यापारियों और आम नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के दिन मुख्य मार्ग पर कम से कम 8 घंटे के लिए वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले।जानकारी के अनुसार सिलौंडी का साप्ताहिक बाजार क्षेत्र के लगभग 84 गांवों के लोगों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र है । इसमें केवल कटनी जिले ही नहीं, बल्कि जबलपुर ग्रामीण क्षेत्र के सिमरिया, झिरमिला, अमहेटा सहित करीब 25 गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं । बाजार के दिन सुबह से शाम तक भारी भीड़ रहती है, जिससे मुख्य मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले लोग स्वेच्छा से बाजार क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश नहीं करते थे और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते थे, जिससे व्यवस्था बनी रहती थी । लेकिन पिछले दो वर्षों से कुछ वाहन चालक बाजार के बीच से ही वाहन निकालने पर अड़े रहते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।व्यापारियों का कहना है कि बाजार में वाहन प्रवेश के कारण ग्राहक असहज महसूस करते हैं और कई बार भीड़ के कारण खरीदारी प्रभावित होती है । वहीं बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी यह स्थिति जोखिम भरी बन जाती है।जागरूक नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के दिन निर्धारित समय के लिए मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजार सुचारू रूप से संचालित हो सके और लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

  1. ↩︎

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button