सिलौंडी में टंकी लाइन ठप: 200 परिवारों पर जल संकट

एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । भीषण गर्मी के बीच सिलौंडी पंचायत के वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 8 और 9 में पिछले पांच दिनों से टंकी लाइन के नल बंद पड़े हैं, जिससे करीब 200 परिवारों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है । हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए लगभग एक किलोमीटर दूर तक भटकना पड़ रहा है। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे बर्तन लेकर पानी की तलाश में निकल पड़ते हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह से जलापूर्ति पूरी तरह अनियमित बनी हुई है । कभी दो दिन पानी आता है तो उसके बाद तीन-तीन दिन तक सप्लाई बंद रहती है । इस अस्थिर व्यवस्था के कारण लोगों को पानी संग्रह कर रखने की मजबूरी है, लेकिन भीषण गर्मी में सीमित भंडारण भी जल्दी समाप्त हो जाता है । कई परिवारों को निजी स्रोतों या दूरस्थ हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जहां लंबी कतारें लग रही हैं।गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी ने हालात और अधिक गंभीर बना दिए हैं । खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है । क्षेत्र के कई घरों में बुजुर्ग सदस्य हैं, जो दूर जाकर पानी लाने में असमर्थ हैं । ऐसे में परिवार के अन्य सदस्यों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है । कुछ परिवारों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के साथ-साथ निस्तार और पशुओं के लिए भी पानी जुटाने में भारी कठिनाई हो रही है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है । लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि गर्मी के चरम समय में भी जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है ।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टंकी लाइन की खराबी दूर कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए । साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है, ताकि लोगों को राहत मिल सके । यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।



