डिप्टी कलेक्टर पद पर नियुक्ति उपरांत सुश्री रानी अहिरवार का गरिमामय विदाई समारोह

सिलवानी। सिलवानी विकासखंड की सहायक संचालक के रूप में सेवाएँ प्रदान कर रहीं सुश्री रानी अहिरवार के डिप्टी कलेक्टर पद पर नियुक्त होने के उपरांत सेठ अमरचंद समैया सांदीपनि विद्यालय, सिलवानी में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री एन. पी. शिल्पी द्वारा सुश्री रानी अहिरवार को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान सुश्री अहिरवार ने शिक्षा विभाग में अनुकरणीय प्रशासनिक क्षमता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनकी उपस्थितजनों द्वारा सराहना की गई।
इसी अवसर पर नव नियुक्त विकास खंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र सिंह ठाकुर का विद्यालय परिवार की ओर से पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित शिक्षकगणों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में विकासखंड की शैक्षणिक गतिविधियाँ और अधिक सुदृढ़ होंगी।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक रहा। अंत में सभी उपस्थितजनों ने सुश्री रानी अहिरवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।



