शहर को स्वच्छ पेयजलापूर्ति को लेकर कवायद, सेमरी नदी में पड़े मृत मवेशी के अवशेष हटवाए

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । इंदौर में पेयजल के कारण हुई भयाभय स्थिति के मद्देनजर सरकार ने संपूर्ण मप्र में स्वच्छ पेयजलापूर्ति कराने का बीड़ा उठा लिया है और अब सभी नगर सहित क्षेत्र में होने वाली पेयजलापूर्ति स्वच्छ और हानिरहित हो इसको लेकर प्रशासनिक अमला जुट गया है।
इसी तारतम्भ में पिछले एक सप्ताह से नपाध्यक्ष संदीप लोधी , सीएमओ राजेन्द्र शर्मा द्वारा नगर के सभी 18 वार्डों में स्वच्छ पेयजलापूर्ति को लेकर सक्रिय हो गए हैं।
सभी वार्डों में नालियों के बीच या पास से निकली पाइप लाइन को हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। आज नगर सहित आसपास की नदियों के जल की परख के लिए तहसीलदार प्रमोद उइके ने भी स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कराने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण किया। बीना नदी एवं सेमरी नदी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेमरी नदी के परसोरा घाट पर नदी के अंदर पालतू पशुओं के अवशेष पड़े मिलें। उन्होंने उन्हें नदी के अंदर से निकलवाकर नदी से बहुत दूर एक बड़ा गड्ढा कराकर उसमें डिस्पोजल कराया।
इसके अतिरिक्त नदी के पानी की सफाई के निर्देश नगरपालिका प्रशासन को दिए , पानी में ब्लीचिंग पाउडर एवं फिटकरी जैसे पदार्थ डाले जाए और लोगों को शुद्ध स्वच्छ पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। क्योंकि सेमरी नदी के जल से ही नगर में पेयजलापूर्ति हो रही है तो इसका पानी स्वच्छ रखा जाना आवश्यक है।
तहसीलदार प्रमोद उइके ने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजलापूर्ति कराने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं , किसी भी कीमत पर दूषित जलापूर्ति नहीं होगी वो चाहे नगर हो या गांव।
शासन- प्रशासन लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। सभी नागरिकों को हरहाल में स्वच्छ पेयजलापूर्ति की जाएगी।



