किसानों को संतुलित खाद एवं जैविक उर्वरक के उपयोग की दी सलाह

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) के क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के अंतर्गत पी.के. कृषि केंद्र, सिलोंडी में किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरकों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा जैविक उर्वरकों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा । संगोष्ठी में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसल की आवश्यकता के अनुसार खाद एवं उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करने की सलाह दी ।
विशेषज्ञों ने बताया कि लगातार रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो सकती है । ऐसे में मृदा परीक्षण के आधार पर खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करना अधिक लाभदायक रहता है । किसानों को जैविक उर्वरक पीएसबी कल्चर के उपयोग, इसके फायदे तथा फसलों की बेहतर वृद्धि में इसकी भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई । साथ ही खेती में अनावश्यक खर्च को कम कर उत्पादन लागत घटाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई ।
इस अवसर पर एनएफएल की ओर से प्रबंधक यशवंत कुमार झारिया ने कंपनी के विभिन्न उत्पादों की जानकारी किसानों को दी । उन्होंने सिटी कम्पोस्ट, एफओएम, पीएसबी कल्चर सहित खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न कृषि रसायनों के उपयोग एवं उनके लाभ के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की । उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने का आग्रह किया ।
संगोष्ठी में क्षेत्र के करीब 40-50 प्रगतिशील किसानों ने सहभागिता की। किसानों ने विशेषज्ञों से खेती, खाद-उर्वरक के उपयोग, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन बढ़ाने से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान एवं उपयोगी सुझाव देकर मार्गदर्शन किया । कार्यक्रम के अंत में किसानों ने ऐसी संगोष्ठियों को खेती की नई तकनीकों एवं कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए उपयोगी बताया ।



