मूंग खरीदी की समय सीमा बढ़ाएं जाने को लेकर किसानों ने किया चक्काजाम

प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के समाप्त हुआ चक्काजाम
सिलवानी । बुधवार की दोपहर 2ः30 बजे स्टेट हाइवे 15 पर सर्वोदय वेयर हाउस के सामने राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले किसानों ने बीच सड़क पर वाहन खडे़ कर चक्काजाम कर दिया था। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रकाश नायक, तहसीलदार सुधीर शुक्ला, एसडीओपी अनिल मौर्य, थाना प्रभारी डीपी सिंह मौके पर पहुंचे। किसानों ने बताया कि मूंग खरीदी की समय अवधि कम होने के कारण दो-दो दिन तक किसानों को ट्राॅली लाइन में खड़ी करनी पड रही है। मूंग खरीदी की अवधि बढ़ाना चाहिये, अन्य जिलों में एक माह पूर्व खरीदी प्रारंभ हो गई थी परंतु सिलवाानी में पांच दिन पूर्व ही मूंग खरीदी प्रांरभ हुई थी। कम अवधि के कारण किसान स्लाइड ही बुक नहीं करा पाये और जिनकी स्लाइड बुक हो गई उनकी तुलाई नहीं हुई है। एसडीएम प्रकाश नायक ने खरीदी केन्द्र प्रभारी और वेयर हाउस संचालक से कांटे बढाने और खरीदी की अवधि के लिए कलेक्टर से बात की। एवं किसान प्रतिनिधियो की कलेक्टर अरविन्द दुबे से मोबाइल हेंडफ्री कर बात कराई। जिस पर कलेक्टर ने उच्चाधिकारियों से समस्या अवगत कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसानें ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
करीब एक घण्टे चले चक्काजाम के दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की, मार्ग के दोनों ओर लंबी कतारें लग गई।



