धार्मिक

महाशिवरात्रि पर्व पर उमरियापान नगर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के बड़ी माई मंदिर, झंडा चौक हनुमान मंदिर, संन्यासी बाबा मंदिर, बावली हनुमान मंदिर, खेरमाई मंदिर, अथ्थैया मंदिर , विंध्य वासनी मंदिर, चंडी माता मंदिर स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, शहद से अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, बेर एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान महादेव से परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की ।
मंदिर परिसरों में दिनभर “हर-हर महादेव”, “ऊँ नमः शिवाय” “श्री शिवाय नमस्तुभ्यम्” के जयघोष गूंजते रहे । वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी । महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की ।
शिव-बारात ने बढ़ाई उत्सव की शोभा
सांध्य बेला में अनुराग रामायण मंडल उमरियापान द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शिव-बारात निकली । शिव-बारात जोगी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों बावली हनुमान मंदिर, न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, पुनः झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड, आजाद चौक, पचपेड़ी एवं नृसिंह मंदिर होते हुए निकली ।
शिव-बारात में सजे-धजे नंदी गण, भगवान शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी और भक्ति गीतों की धुन पर झूमते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे । “भोला नई माने रे”, “दीवाना हूं महाकाल का” तथा “हर-हर महादेव” के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते भगवान भोलेनाथ की बारात में सम्मिलित हुए ।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर उमरियापान नगर में आस्था, भक्ति और उत्साह देखने को मिला। पूरा नगर शिवभक्ति में लीन नजर आया और भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button