यातायात सुधार की नई पहल: नवागत थाना प्रभारी की सख्ती से न्यू बस स्टैंड पर दिखा असर

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर उठी आवाज आखिरकार रंग लाई। नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने पदभार ग्रहण करते ही व्यवस्थाओं को सुधारने की दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं। विगत दिवस थाना परिसर में आयोजित जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकार बंधुओं की परिचयात्मक बैठक में पत्रकारों ने नगर की अव्यवस्थित यातायात समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
13 तारीख को मृगांचल एक्सप्रेस में न्यू बस स्टैंड क्षेत्र की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। खबर को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने त्वरित संज्ञान लिया और शनिवार रात्रि स्वयं न्यू बस स्टैंड पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में अवैध रूप से खड़े निजी वाहनों पर नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को कड़ी हिदायत दी कि बस स्टैंड परिसर में निजी वाहन खड़े न करें, अन्यथा चलानी कार्रवाई की जाएगी ।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बस स्टैंड केवल बसों के आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए है, इसे निजी पार्किंग स्थल में तब्दील नहीं होने दिया जाएगा।
सुबह से ही स्टाफ तैनात
रविवार सुबह से ही न्यू बस स्टैंड में एएसआई कोदूलाल दाहिया, योगेन्द्र सिंह राजपूत, जगन्नाथ सिंह, नीलेश पटेल, संतोष दुबे आदि पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिसकर्मी निजी वाहन चालकों को बस स्टैंड के भीतर वाहन खड़ा न करने की समझाइश दे रहे हैं, वहीं बस चालकों को बस स्टैंड के निर्धारित स्थान पर ही बस खड़ी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई से बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार नजर आने लगा है और यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
नगरवासियों ने जताया आभार
नगर वासियों ने नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी प्रकार नियमित निगरानी और सख्ती बनी रही तो उमरियापान में यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सकती है।
व्यवस्था सुधार की उम्मीद
थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने संकेत दिए हैं कि आगे भी नगर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाएगा। अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
नगरवासियों को उम्मीद है कि पुलिस की इस पहल से उमरियापान में यातायात व्यवस्था नई दिशा लेगी और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।



