जल संकट दूर करने ललितपुर कलेक्टर से मिले पूर्व विधायक

जामनी डैम से पानी छोड़े जाने को लेकर सौंपा पत्र
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । शहर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। समस्या को देखते हुए भाजपा के पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने शुक्रवार को यूपी के ललितपुर कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ललितपुर कलेक्टर ने जल्द ही जामनी नदी में पानी छोड़े जाने का भरोसा दिया है।
दरअसल, शहर के बरीघाट डैम का जल स्तर लगातार घट रहा है। भीषण गर्मी के कारण डैम सूखने की कगार पर है। शहर के 27 वार्डों में 3 से 4 दिन में पानी दिया जा रहा है। टीकमगढ़ कलेक्टर ने जामनी नदी में यूपी के डैम से पानी छोड़े जाने के संबंध में ललितपुर कलेक्टर को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक बांध से पानी नहीं छोड़ा गया है। शुक्रवार को इस मामले में भाजपा के पूर्व विधायक और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रहे केके श्रीवास्तव ने ललितपुर कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री मनोहर लाल पंथ और झांसी सांसद अनुराग शर्मा से भी इस मामले को लेकर बात की गई।
उन्होंने ललितपुर कलेक्टर से जामनी नदी में पानी छोड़े जाने की बात कही है। पूर्व विधायक ने बताया कि ललितपुर कलेक्टर ने मुलाकात के दौरान भरोसा दिलाया है कि आगामी 24 घंटे के अंदर ललितपुर डैम से नदी में पानी छोड़ा जाएगा।
नपा के कुप्रबंधन से बिगड़े हालात
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने कहा कि नगर पालिका के कुप्रबंधन के कारण जल संकट के हालात पैदा हुए हैं। समय रहते अगर पानी के इंतजाम के लिए प्रयास किए गए होते तो जल संकट की स्थिति पैदा नहीं होती।



