कुएं में मिले एक ही परिवार के 4 शव : दो महिलाएं फंदे पर लटकी मिली
जबकि बुजुर्ग महिला और बच्ची का शव पानी में उतराते मिले
सागर । एमपी के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के कोपरा गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब कुएं में तीन महिलाओं और एक बच्ची का शव मिला है। इनमें दो महिलाएं फंदे पर लटकी मिलीं, जबकि बुजुर्ग महिला और बच्ची का शव पानी में मिला। जिसने भी यह मंजर देखा उनकी रूह कांप गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कुएं से निकलवाने के लिए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब एक से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद 35 फीट गहरे कुएं से शवों को निकाला गया।
घटना की जानकारी लगते ही सागर से एसपी विकास शाहवाल व एएसपी लोकेश सिन्हा भी कोपरा गांव पहुंचे । देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने बताया कि मृतकों की पहचान 35 वर्षीय आरती पति करोड़ी लोधी, 29 वर्षीय भारती पति किशोरी लोधी एवं 6 वर्षीय रोमिका पिता किशाोरी लोधी व 65 वर्षीय भाग बाई पति मिट्ठ लोधी के रूप में हुई।
आरती व भारती भागबाई के बेटियां होने के साथ देवरानी-जेठानी भी थी। वहीं रोमिका भागबाई की नातिन थी। आरती व भारती मायके में ही रह रही थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक साल भर पहले परिवार की छोटी बहू ने सुसाइड कर लिया था। पूरा मामला क्या है अब तो यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



