धार्मिकमध्य प्रदेश

दिवाली से देवउठनी ग्यारस तक विराजेंगी मां लक्ष्मी: रायसेन में सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए 4 साल से लगाई जा रही धन की देवी मां लक्ष्मी की झांकी

रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन।
रायसेन शहर में दीपावली पर्व पर रायसेन की सुख समृधि के लिए मां लक्ष्मी की प्रतिमा को विराजमान कर झांकी सजाई जाती है। दीपावली के त्यौहार से लेकर देव उठनी ग्यारस तक रायसेन शहर के वार्ड 14 राहुल नगर के रहवासी रोजाना मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना आरती करते हैं। यहां पर सुबह और शाम के समय आरती होती है, जिसमें मोहल्ले के लोग पूरे भक्ति भाव के साथ शामिल होते हैं।शहर के लोग भी यहां पर लगने वाली मां लक्ष्मी की झांकी को देखने के लिए पहुंचते हैं। शहर में पहले बस स्टैंड और पाटन देव में भी बिजली घर के पास पहले मां लक्ष्मी की झांकी लगती थी, लेकिन इन स्थानों पर यह झांकी लगना बंद हो गई है। इसके बाद राहुल नगर के युवाओं ने मां लक्ष्मी की झांकी लगाना प्रारंभ कर दिया है।
4 साल पहले शुरुआत हुई थी माता लक्ष्मी की झांकी लगाने की परंपरा …
बताया जा रहा है कि करीब 4 साल पहले विमलेश शाक्या और आकाश प्रजापति ने गणेश उत्सव और दुर्गा उत्सव की तर्ज पर राहुल नगर में मां लक्ष्मी की झांकी लगाने की शुरुआत की थी। जो अब लगातार लगती आ रही है। मां लक्ष्मी की झांकी का यह पांचवां साल है। इस बार यहां पर 7 फीट ऊंची मां लक्ष्मी की प्रतिमा को विराजमान कराया जाएगा।
राहुल नगर में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने वाले आकाश प्रजापति ने बताया कि रायसेन की सुख-समृद्धि के उद्देश्य से मां लक्ष्मी की झांकी लगाना प्रारंभ किया था, जो 4 साल से निरंतर जारी है। दीपावली की रात में 9 बजे मां लक्ष्मी की प्रतिमा को लाकर यहां पर विराजमान किया गया।

Related Articles

Back to top button