सहायक सचिव को विधवा महिला से रिश्वत लेते लोकायुक्त ने किया रंगे हाथों गिरफ्तार

संबल योजना का लाभ दिलाने मांगे थे 20 हजार
ब्यूरो चीफ: सतीश चौरसिया
कटनी । शुक्रवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने कुलूआ बडखेरा ग्राम के रोजगार सहायक सचिव प्रवीण कुमार तिवारी को संबल योजना का लाभ दिलवाने के नाम पर एक विधवा महिला से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सहायक सचिव ने योजना के दो लाख रुपए महिला के एकाउंट में डलवाने के एवज में 20 हजार की रिश्वत की मांग रखी थी। लोकायुक्त की टीम ने आज सहायक सचिव को रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जबलपुर लोकायुक्त अधिकारी स्वप्निल दास ने बताया की इस कार्यवाही में 6 सदस्यीय टीम मिलकर कार्यवाही में जुटी है। कटनी जिले के कुलुआं बडखेरा ग्राम निवासी जीराबाई के पति की मौत हो जाने के कारण सहायक सचिव में 2 लाख रुपया संबल योजना के तहत महिला के बैंक खाते में डलवाने के नाम पर 20 हज़ार रुपए मांगे थे। 46 वर्षीय पीड़ित महिला जीराबाई ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त में की थी। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त ने कटनी जिले के यूको बैंक के सामने आरोपी रोजगार सहायक सचिव प्रवीण कुमार तिवारी को 20 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है और माधवनगर स्थित एमपीईबी रेस्ट हाउस में आरोपी को लाकर कार्यवाही की जा रही है।



