मध्य प्रदेश

गोविंद सेन 9 जुलाई से लापता, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। ग्राम चंडी चीपरा निवासी गोविंद सेन 9 जुलाई 2025 की शाम से लापता हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई अनहोनी हुई है। इस मामले में ग्राम के ही भाजपा नेता कमल जैन और कुछ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 जुलाई को गांव के एक स्थानीय पत्रकार द्वारा थाना जबेरा में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर किए गए फेसबुक लाइव पर गोविंद सेन ने एक टिप्पणी की थी, जिसके बाद गांव का कोटवार और एक पुलिसकर्मी शाम करीब 6 बजे उनके घर पहुंचे और थाने चलने को कहा।
परिजनों का कहना है कि गोविंद सेन यह कहकर घर से निकले कि “थाने जा रहा हूं”, लेकिन इसके बाद वे अब तक वापस नहीं लौटे। उनके लापता होने के बाद परिवार ने थाना जबेरा में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई, उल्टा परिजनों को ही डरा-धमकाया गया।
परिजनों का यह भी कहना है कि भाजपा नेता कमल जैन से वर्ष 2024 से ही पारिवारिक विवाद चल रहा है। आरोप है कि कमल जैन ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस से कहकर गोविंद सेन को थाने बुलवाया, और संभवतः उनके साथ कुछ गंभीर घटित हो गया है।
पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि लगभग 28 दिन पूर्व कमल जैन के बेटे पिंटू जैन ने उनके पति को फोन पर गाली गलोच करते हुए गोली मारने की धमकी दी थी, लेकिन डर के चलते कोई शिकायत नहीं की गई, क्योंकि थाना जबेरा में पूर्व में भी कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई थी।
परिजन बेहद भयभीत हैं और लगातार अपने स्तर पर गोविंद सेन की तलाश कर रहे हैं। लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिलने के कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक दमोह से न्याय की गुहार लगाई है।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि गोविंद सेन की तत्काल तलाश की जाए,
कमल जैन व उनके सहयोगियों की भूमिका की जांच हो,
जबेरा थाना पुलिस की निष्क्रियता और संदिग्ध भूमिका की भी उच्चस्तरीय जांच की जाए।

Related Articles

Back to top button