चार धाम एवं प्रमुख तीर्थ यात्रा से सकुशल लौटा युवाओं का जत्था, श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत

सिलवानी। नगर के युवाओं का 15 दिवसीय चार धाम एवं प्रमुख तीर्थ यात्रा पर गया जत्था बुधवार को सकुशल लौट आया। यात्रा से लौटने पर श्रद्धालुओं का नगर में आत्मीय स्वागत किया गया। समाजसेवियों ने यात्रियों का तिलक लगाकर, श्रीफल भेंट कर एवं शुभकामनाएं देकर उनका सम्मान किया।
यात्रा से लौटने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने बजरंग चौराहा स्थित अनगढ़ हनुमान मंदिर, मां विजयासन मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर तथा कांठिया मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा में मुकेश साहू, श्रेयांश चौरसिया, आयुष साहू, नीतेश चौरसिया, शिवम सोनी, रीतेश साहू, दिनेश सेन, योगेश कुलकर्णी सहित अन्य युवा शामिल रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अमरनाथ, केदारनाथ, बद्रीनाथ, हरिद्वार, ऋषिकेश, नीम करौली धाम, औरझा, और माता वैष्णो देवी सहित अनेक प्रमुख धार्मिक एवं पवित्र स्थलों के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं ने विभिन्न तीर्थस्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश एवं विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रियों ने बताया कि यह आध्यात्मिक यात्रा उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही, जिससे उन्हें मानसिक शांति, नई ऊर्जा और धार्मिक आस्था को और अधिक मजबूती मिली।



