सागौन की लकड़ी पकड़ने गए वन अमले पर फायरिंग, आधा दर्जन घायल
गैरतगंज। गढ़ी सामान्य वन मंडल अंतर्गत समनापुर खुर्द बीट में अवैध सागौन लकड़ी कटाई की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला हो गया है। जिसमें आधा दर्जन वन कर्मी घायल हुए हैं। एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। वहीं चार आरोपी भागने में सफल हो गए। घटना आरएस 19 क्षेत्र की है। जहां एक ट्रैक्टर में सागौन की इमारती लकड़ी और सतकट भरी मिली जो अवैध रूप से कटाई कर ले जाई जा रही थी। समनापुर खुर्द में अवैध लकड़ी कटाई कर ले जाए जाने की सूचना पर वन अमला मंगलवार को क्षेत्र में पहुंचा था। अमला ट्रैक्टर और आरोपी को लेकर उंगली रेंज लौट रहा था। तभी झामर गांव के पास आधा दर्जन से ज्यादा लोग इकट्ठा होकर आए। उन्होंने लाठी, डंडे और पत्थरों से वन अमले पर हमला कर दिया। हवाई फायरिंग भी की। वन अमला किसी तरह जान बचाकर भागा तथा पुलिस को सूचना दी गई। बाद में एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में गढ़ी, गैरतगंज, बेगमगंज, सुल्तानगंज, देवनगर और नकतरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तथा वन अमले को सुरक्षित निकाला गया। विभाग ने लकड़ी सहित ट्रैक्टर जब्त किया है। हमले में वन रक्षक वैभव दुबे, शैलेन्द्र धाकड़, कुलदीप राजपूत, नरेंद्र राय और संदीप विश्वकर्मा को चोटें आई। एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वन अमले को सुरक्षित निकाला। ट्रैक्टर जब्त किया। आरोपियों पर मामला दर्ज किया। एक आरोपी गोवर्धन भील पिता लालू भील को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इसके मुख्य सहयोगी शेरू गुर्जर पिता अजमेर गुर्जर, रमेश भील पिता लालूराम भील, अमन गुर्जर पिता कोमल गुर्जर, दिनेश भील पिता रमेश भील शामिल हैं। वन विभाग के एसडीओ सुधीर पटले ने बताया कि पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। राजसात की कार्रवाई की जाएगी।



