मोबाइल टॉर्च से बर्बाद फसल देखने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
रायसेन में बारिश-ओले से नष्ट फसल देखकर कलेक्टर, एसडीएम और नायब तहसीलदार शिवांगी खरे की बर्बाद फसलों का सर्वे कराने के दिए आदेश
मंत्री डॉ चौधरी को अंधेरा होने पर अफसरों ने टॉर्च जलाकर दिखाया
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। प्रदेश में कोरोना की थर्ड वेव सुनामी की रफ्तार से बढ़ रही है। इधर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी अपने विधानसभा क्षेत्र सांची में बर्बाद फसलों को देखने पहुंचे। शाम को अंधेरा होने से नायब तहसीलदार और किसानों ने टॉर्च की रोशनी में नष्ट रबी सीजन की फसलों को दिखाया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने किसानों से चर्चा कर फसलों को हुई क्षति की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों की हर संभव सहायता की जाएगी। मंत्री डॉ चौधरी ने किसानों की आंखों के आंसू भी पोछें।
पिछले 4 तीन दिन से मावठे की बारिश- ओले की वजह से रायसेन तहसील क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सांची विकासखंड के ग्राम बारला, तिजालापुर, गिरवर, मेहगांव, देवलखेड़ा सहित अन्य गांवों में नुकसान का जायजा लेने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी पहुंचे। खेतों तक पहुंचने पहले ही अंधेरा हो गया था। जिस कारण किसानों और कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे सहित एसडीएम एलके खरे नायब तहसीलदार शिवांगी खरे ने मोबाइल की टॉर्च से फसलें दिखाईं।
जल्द सर्वे के दिए निर्देश…
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने एसडीएम एलके खरे को शीघ्र सर्वे कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावितों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि सर्वे कार्य से कोई भी प्रभावित छूटे नहीं। प्रत्येक प्रभावित किसान की फसलों को हुई क्षति का आकलन किया जाए।



