एक बीएलओ पांच दिन से लापता, एक की हार्ट अटैक से हुई मौत

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
मंडीदीप । रायसेन जिले के औद्योगिक शहर मंडीदीप में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में ड्यूटी कर रहे दो बूथ लेवल ऑफिसर BLO के साथ पिछले पांच दिनों में दो अलग अलग दुखद घटनाएं सामने आई है। एक बीएलओ पिछले पांच दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता है, जबकि दूसरे की गुरुवार रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। दोनों ही मामले मंडीदीप नगर पालिका क्षेत्र के हैं।
पहला मामला भव्य सिटी निवासी नारायण सोनी का है, जो पेशे से शासकीय शिक्षक है। एसआईआर अभियान में इन्हें बीएलओ नियुक्त किया गया है। परिजनों के अनुसार 15 नवंबर से नारायण सोनी घर से निकले और उसके बाद से लौटकर नहीं आए। कोई सूचना भी नहीं दी। चिंतित परिजनों ने सतलापुर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस उन्हें तलाश नहीं कर सकी है।
दूसरा हादसा सतलापुर निवासी रमाकांत पाण्डेय के साथ हुआ। बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक आने से मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वे एसआईआर अभियान में लगातार ड्यूटी कर रहे थे। इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में हडकंप मचा हुआ है। लगातार फील्ड ड्यूटी और तनाव के बीच बीएलओ की सुरक्षा व स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चंद्रशेखर श्रीवास्तव, एसडीएम गोहरगंज ने बताया कि मंडीदीप क्षेत्र में बीएलओ का कार्य देख रहे रमाकांत पाण्डेय की बीती रात बीमारी के चलते मौत हो गई है, वहीं नारायण सोनी को पुलिस खोज रही है। प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।



