धार्मिकमध्य प्रदेश

30 जुलाई से शुरू होगा पवित्र सावन मास, शिवालयों में तेज हुई तैयारियां

सिलवानी। भगवान शिव की आराधना का पावन माह सावन 30 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है। सावन शुरू होने में अब मात्र तीन दिन शेष हैं। इसके चलते नगर सहित ग्रामीण अंचलों के शिवालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आकर्षक सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। पूरे सावन माह में प्रतिदिन प्रातःकाल से भगवान शिव के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलेगा।
इस वर्ष सावन माह में चार सोमवार पड़ रहे हैं। इन विशेष दिनों पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं अभिषेक के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। श्रद्धालु भगवान शिव का दुग्ध, जल, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करेंगे।
नगर के प्रमुख शिवालयों में अशोक विहार स्थित मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर, बीजासन माता मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर, झिरीया शिव मंदिर, सरस्वती नगर स्थित महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के दर्जनों प्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सावन माह के दौरान मंदिरों में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क है। मंदिरों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
धार्मिक आस्था और भक्तिभाव से सराबोर सावन माह को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह का वातावरण है। श्रद्धालु पूरे माह व्रत, उपवास, भजन-कीर्तन और शिव आराधना के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहेंगे।

Related Articles

Back to top button