धार्मिकमध्य प्रदेश

कस्बा बम्होरी में विशाल हिंदू समाज सम्मेलन संपन्न, एकता व समरसता का दिया गया संदेश

रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी। 12 जनवरी 2026 को कस्बा बम्होरी में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में एक विशाल हिंदू समाज सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में कस्बे सहित आसपास के अनेक ग्रामों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन समिति द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकता, समरसता एवं सशक्त सामाजिक जीवन पर बल देना रहा। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सौरभ सिंह, विभाग प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विदिशा ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि हमारा राष्ट्र प्राचीन काल से गौरवशाली एवं वैभवशाली रहा है। हमारी सांस्कृतिक सीमाएँ संपूर्ण विश्व में फैली हुई थीं, किंतु कालांतर में अपने सांस्कृतिक भाव को भुला देने के कारण बाहरी आक्रांताओं ने हमारे समाज पर अत्याचार किए और हमारी सांस्कृतिक संरचना को क्षति पहुँचाई। इसके परिणामस्वरूप समाज में जातिगत विभाजन उत्पन्न हुआ, जिसका भारी नुकसान राष्ट्र को उठाना पड़ा।
उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ द्वारा प्रस्तावित “पाँच परिवर्तन” के संकल्प को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हम सभी मिलकर इन संकल्पों के साथ आगे बढ़ें, तो राष्ट्र को पुनः उसके अखंड स्वरूप में खड़ा करना संभव है। जिस प्रकार देशवासियों ने राम मंदिर निर्माण का साकार रूप देखा है, उसी प्रकार आने वाले समय में भारत को पुनः अखंड और सशक्त राष्ट्र के रूप में हम सभी अवश्य देखेंगे।
इस अवसर पर नगर के वरिष्ठजन समाज प्रमुख के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की आरती की गई, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सम्मेलन के सफल आयोजन में आयोजन समिति एवं संचालन समिति के अनेक पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
यह सम्मेलन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button