मध्य प्रदेश

अधूरे निर्माण ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें, कलेक्टर से लगाई गुहार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ग्राम पिण्डरई में सड़क और नाली निर्माण कार्य अधूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । गांव की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है । जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है । ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क एवं नाली निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है ।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि ढीमरखेड़ा से विरासन पाली मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराया गया था । यह मार्ग ग्राम पिण्डरई से होकर गुजरता है, लेकिन गांव की सीमा के अंदर सड़क और पक्की नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। इसके कारण बारिश के दिनों में जलनिकासी बाधित होती है और पानी सड़क पर जमा हो जाता है ।
ग्रामीणों के मुताबिक जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। वहीं सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है । मार्ग के दोनों ओर उगी घनी झाड़ियां सड़क को संकरा कर रही हैं, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है ।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पिण्डरई में अधूरे पड़े सड़क एवं पक्की नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए । साथ ही जर्जर सड़क की मरम्मत और डामरीकरण कराने के साथ मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई भी कराई जाए । ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान होना जरूरी है । अब देखना होगा कि जनसुनवाई में सौंपे गए आवेदन पर प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है ।

Related Articles

Back to top button