जल विहार को निकले लड्डू गोपाल, निकला भव्य डोल ग्यारस चल समारोह
सिलवानी। डोल ग्यारस के अवसर पर मंगलवार को नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रीराम जानकी मंदिर जमुनियापुरा एवं श्री जानकी रमण साकेतधाम काठिया मंदिर से भगवान लड्डू गोपाल की देव प्रतिमाओं को आकर्षक एवं कलात्मक विमानों में विराजित कर भव्य डोल ग्यारस चल समारोह निकाला गया। हिन्दू उत्सव समिति के बैनर तले आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
चल समारोह विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़ी मस्जिद, होली चौक, बुधवारा बाजार, आजाद मार्केट एवं गांधी चौक से निकला और बजरंग चौराहा स्थित अनगढ़ हनुमान मंदिर पहुंचा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा देव प्रतिमाओं की आरती उतारी गई और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पंचमेवा, श्रीफल, फल एवं प्रसाद अर्पित कर भगवान लड्डू गोपाल के दर्शन किए। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।



