मध्य प्रदेश

गणेश विसर्जन स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सुरक्षा, यातायात, प्रकाश एवं रेस्क्यू व्यवस्था का लिया जायजा
सिलवानी। गणेश उत्सव एवं आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नकटी नदी घाट स्थित गणेश विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग सहित आपातकालीन एवं रेस्क्यू व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान राजस्व अधिकारी अलका सिंह, एसडीओपी आशुतोष त्यागी, वन विभाग के एसडीओ सुधीर पटले, थाना प्रभारी संजीत परते, नगर परिषद सीएमओ राकेश मिश्रा एवं एमपीईबी सहायक प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ठाकुर सहित हिन्दू उत्सव समिति के राजीव सोनी (रानू), वरिष्ठ समाजसेवी महेश नामदेव एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button