पोषण अभियान के तहत गुंदरई में आयोजित हुईं पोषण संबंधी गतिविधियां

सिलवानी। पोषण अभियान के अंतर्गत ग्राम गुंदरई के आंगनवाड़ी केंद्र में मंगलवार को विभिन्न पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भारती लोधी द्वारा निर्धारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं शाला पूर्व शिक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के घरों में गृह भेंट कर पोषण एवं देखभाल संबंधी परामर्श दिया गया। वहीं 3 से 6 वर्ष के बच्चों को स्थानीय एवं पौष्टिक नाश्ता तथा निर्धारित मेनू के अनुसार गर्म पका हुआ भोजन कराया गया। भोजन में पालक, चुकंदर एवं सहजन की पत्तियों का उपयोग कर बच्चों को रंगीन रोटी भी दी गई।
मातृ सहयोगिनी समिति के साथ भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता से बाल चौपाल एवं ईसीसीई दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को कहानी, कविता, गीत एवं बालगीत सुनाने के साथ गिनती, रंग, आकार एवं पहचान से संबंधित खेल आधारित गतिविधियां कराई गईं। अभिभावकों को शाला पूर्व शिक्षा में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
केंद्र पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन एवं लंबाई/ऊंचाई का मापन किया गया तथा संबंधित जानकारी पोषण ट्रैकर पर दर्ज की गई। अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार में स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र पर टीकाकरण भी किया गया। सीडीपीओ आबिदा बी एवं बीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण किया। सीडीपीओ द्वारा बच्चों के वजन एवं ऊंचाई का क्रॉस सत्यापन किया गया तथा माताओं को बच्चों की पोषण श्रेणी के संबंध में जानकारी दी गई।
बीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह पटेल ने एनीमिया से बचाव एवं उपचार के लिए पोषणयुक्त आहार को महत्वपूर्ण बताते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नींबू, आंवला, दालें सहित अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों को आवश्यकता अनुसार एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सीडीपीओ आबिदा बी, बीएमओ डॉ. राजेंद्र पटेल, पर्यवेक्षक सुरक्षा विश्वकर्मा, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बच्चे, महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।



