मध्य प्रदेश

बड़वारा में टायर से तेल बनाने वाली 12 इकाइयों की जांच की मांग

विधायक ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र1

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर जनपद पंचायत बड़वारा क्षेत्र में संचालित टायर से तेल निकालने वाली विभिन्न इकाइयों से फैल रहे कथित पर्यावरण प्रदूषण की उच्च स्तरीय जांच कराने और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है ।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्र में संचालित कई टायर आधारित ईंधन एवं तेल निर्माण इकाइयों में पुराने टायरों को जलाकर तेल निकाला जाता है, जिससे वायु प्रदूषण, दुर्गंध और घना धुआं फैल रहा है। उनका कहना है कि इसका प्रतिकूल प्रभाव पर्यावरण, कृषि तथा स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है । ग्रामीणों को श्वास संबंधी समस्याओं सहित अन्य पर्यावरणीय दुष्प्रभावों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित इकाइयों की पर्यावरणीय स्वीकृतियों, प्रदूषण नियंत्रण मानकों के पालन तथा संचालन की वैधानिकता की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित इकाइयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की रक्षा हो सके।
पत्र के साथ विधायक ने क्षेत्र में संचालित 12 इकाइयों की सूची भी संलग्न की है, जिनमें एम/एस अक्षर एनर्जी, एम/एस श्री राम फ्यूल इंडस्ट्रीज, एम/एस अहिंसा लुब्रिकेंट्स, एम/एस श्रीनाथ फ्यूल, एम/एस गुनसागर प्रो. फ्यूल, एम/एस श्री श्याम प्रो. फ्यूल, एम/एस एस आर एम कार्बो फ्यूल्स, एम/एस सदाशिव फ्यूल कंपनी, एम/एस विहान फ्यूल, एम/एस एस आर एम एस फ्यूल कंपनी, एम/एस श्री खंडेल माता जी एनर्जी एण्ड फ्यूल तथा एम/एस गजलक्ष्मी इंडस्ट्रीज के नाम शामिल हैं ।
विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए ।

  1. ↩︎

Related Articles

Back to top button