धार्मिकमध्य प्रदेश

धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की घर वापसी रथयात्रा, जयघोष से गूंजा खितौला

मौसी के घर से वापस लौटे भगवान जगन्नाथ, श्रद्धालुओं ने खींचा रथ, महाआरती के साथ हुआ समापन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। भगवान श्री जगन्नाथ की घर वापसी रथ यात्रा शुक्रवार को खितौला में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से निकाली गई । मौसी के घर प्रवास के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की वापसी यात्रा नरसिंह मंदिर से प्रारंभ होकर बारी बहू स्टेडियम तक पहुंची । इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया ।
रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए । पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया । पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से नगर पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया । जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुष्पवर्षा की और रथ यात्रा का स्वागत किया ।
बारी बहू स्टेडियम के समीप रथ यात्रा का समापन हुआ, जहां भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य महाआरती संपन्न हुई । महाआरती के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा को पुनः उनके मंदिर में विराजमान कराया गया ।
रथ यात्रा के सफल आयोजन में मंदिर समिति, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा ।

Related Articles

Back to top button