महेन्द्र यादव युवाओं के साथ पदयात्रा पर रवाना हुए
ग्राम सिंहपुरी के मंदिर में पूजा अर्चना कर यात्रा प्रारंभ की
कोरोना महामारी से छुटकारा एवं विश्व कल्याण की मां नर्मदा से करेंगे प्रार्थना
सिलवानी। मकर संक्राति के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नर्मदा स्नान के लिए समाजसेवी महेन्द्र यादव के नेतृत्व में ग्राम सिंहपुरी सहित नगर से नागरिकों का जत्था गुरूवार को ग्राम सिंहपुरी मंदिर में पूजा अर्चना कर पैदल रवाना हुआ। वहीं सिलवानी के अनगढ़ हनुमान मंदिर पर हनुमान जी के समक्ष मत्था टेक कर पूजा अर्चना की जहां पुजारी गोपालानंद जी ने तिलक लगाकर मंगल यात्रा की शुभकामना दी।
महेन्द्र यादव के नेतृत्तव में पैदल जत्थे को नगरवासियों द्वारा तिलक लगाकर, फूल माला पहना कर एवं श्रीफल भेंट कर विदाई दी गई। यह जत्था पदयात्रा डीजे धुन एवं भजनों का गायन, हर हर नर्मर्दे का जयकारा करता हुआ रवाना हुआ। जो देर रात को नर्मदा तट बौरास घाट का 50 किलो मीटर का सफर पैदल तय कर पहुँचेगा, जहां रात्रि विश्राम कर शुक्रवार की सुबह यह पदयात्री नर्मदा नदी में स्नान कर पुण्य सलिला मां नर्मदा की पूजा अर्चना करेंगे। तथा मकर संक्राति के अवसर पर प्रसादी भण्डारा का आयोजन किया गया है।
यात्रा में सभी युवक मास्क लगाए हुए थे व सोशल डिस्टेंस का भी पालन किया गया। समाजसेवी महेन्द्र यादव ने बताया कि पिछले दो साल से कोरोना महामारी के कारण कई परिवारों से उनके चिराग बुझ गए और बड़ी संख्या परिवार में आर्थिक संकट से जूझ रहे है और तीसरी लहर की संभावना भी व्यक्त की जा रही है ऐसी विषम परिस्थितियों में ग्रामीणों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोरोना महामारी से हमेशा के लिये मुक्ति की भावना और विश्व कल्याण के उद्देश्य से कलयुग तारिणी मां रेवा के तट तक पदयात्रा कर पूजन अर्चना की जाएगी।




