मध्य प्रदेश

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर संपन्न

सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत सिलवानी में सेवा सेतु अभियान के तहत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा लंबित समस्याओं एवं प्रकरणों का निराकरण करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू एवं नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।
शिविर में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित अलग-अलग काउंटर लगाए गए। इन काउंटरों पर ग्रामीण एवं नगरवासियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो, इसी उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगरवासी पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता एवं प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विभोर नायक, जिला पंचायत सदस्य राकेश उईक, प्रदीप कुशवाहा, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष नीतू सोनी, एल्डरमैन किशोरसिंह शेखावत, ओमपाल सिंह, मदन राय, जन-प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी -कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button