सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथिन का हो रहा उपयोग
जिम्मेदार अफसर नहीं कर रहे कार्रवाई, पार्षद बोले-चलाएंगे जागरुकता अभियान
सिलवानी। एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंधित लगाया गया है। इसके बावजूद नगर में पॉलीथिन की थैलियों का उपयोग बेरोकटोक किया जा रहा है। नगर परिषद इसके उपयोग को रोकने कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में बाजार क्षेत्र में सभी प्रकार की वस्तुओं को दुकानदार पॉलीथिन थैलियों में रखकर ही ग्राहकों को दे रहे हैं। लेकिन इसे रोकने के लिए प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रही है।
इधर, पॉलीथिन से होने वाले नुकसान की जानकारी होने के बाद भी नगर परिषद इसे जब्त कर संबंधितों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। नप कर्मचारी कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिता निभाते हैं। इसमें कभी छोटे दुकानदारों से कुछ थैलियों को जब्त कर मामूली जुर्माना कर दिया जाता है। जबकि पॉलीथिन थैलियों के थोक विक्रेताओं के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। नगर के अलावा गांवों में भी पॉलीथिन का प्रयोग हो रहा है। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की तरफ से सख्ती के साथ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिस कारण यह चल रहा है।
लोगों में जागरुकता लाने नप नहीं ले रही रुचि
पॉलीथिन पन्नियों का उपयोग नहीं करने को लेकर लोगों में जागरूकता की कमी है। नगर परिषद की ओर से पॉलीथिन के दुष्प्रभाव को लेकर लोगों में जागरुकता लाने में रुचि नहीं जा रही है। ऐसे में कई लोगों को इसकी जानकारी नहीं होने से भी यह स्थिति है। नगर परिषद को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता है। पहले नगर परिषद ने लोगों को कपड़े की थैली बांटने का अभियान चलाया था। लेकिन वह भी सिर्फ औपचारिक ही रहा। बाद में कपड़े की थैली का वितरण बंद हो गया। लोग भी बाजार में खरीदी करने जाते समय कपड़े या जूट की थैली ले जाना पसंद नहीं करते है। इससे मजबूरी में दुकानदारों को पॉलीथिन की थैलियों में सामान रखकर देना पड़ता है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर शासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद भी इसका उपयोग हो रहा है। परिषद की बैठक में निर्णय लेकर नगर में इसकी बिक्री एवं उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
प्रदीप कुशवाहा, पार्षद वार्ड 15
पॉलीथिन की थैलियों के उपयोग करने से कई प्रकार के नुकसान हैं। लोग इसका उपयोग नहीं करें इसके लिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। दुकानदारों को भी इसमें सामान नहीं देने के लिए प्रेरित करेंगे। ताकि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम हो सके। पॉलीथिन, प्लास्टिक का उपयोग करने के बाद लोग इसे सड़कों एवं नालियों में फेक देते है। इससे नालियां चोक हो जाती है। नागरिकों व दुकानदारों को इसका उपयोग नहीं करने की समझाइश दी जाएगी।
रागिनी मोहन साहू, पार्षद वार्ड 14



