महंत और पूर्व विधायक के बीच हुई सुलह, धजरई हनुमान मंदिर में पेड़ काटने को लेकर हुआ था विवाद

हाईवे पर लगाया था जाम
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिले के धजरई हनुमान मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज और छतरपुर के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के बीच हुए विवाद में आखिरकार समझौता हो गया है। गुरुवार को महंत सीताराम दास महाराज ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी।
उन्होंने समझौते का एक वीडियो भी सार्वजनिक किया है। जिसमें पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी शासन के नियमों के तहत खनन वाले स्थान पर पेड़ लगाने की बात करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने संत के साथ हुए विवाद के लिए कुछ राजनीतिक लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। महंत सीताराम दास महाराज की ओर से सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो से फिलहाल पूरा मामला शांत होता नजर आ रहा है।
*यह था मामला*
22 जून को जिले के धजरई हनुमान मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज और छतरपुर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी के बीच विवाद हो गया था। मंदिर परिसर में दोनों के बीच काफी देर तक वाद विवाद चला।
मामला बढ़ जाने पर संत सीताराम दास ने डंडा लेकर पूर्व विधायक और उनके साथ आए लोगों को मंदिर परिसर से खदेड़ दिया था। महंत ने आलोक चतुर्वेदी पर अपने लोगों के साथ मंदिर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
*पेड़ काटने को लेकर हुआ था विवाद*
जानकारी के अनुसार जिले के बैदपुर गांव में कांग्रेस के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी उर्फ पज्जन की कंपनी खजुराहो मिनरल्स की पत्थर की खदान प्रदेश और केंद्र सरकार से स्वीकृत हुई है। जहां खदान स्वीकृत हुई है, वहां आसपास जंगल है। खदान के लिए तकरीबन 10 से 12 हजार छोटे बड़े पेड़ काटे जाना है।
पेड़ काटे जाने के विरोध को लेकर शनिवार को धजरई हनुमान मंदिर के महंत सीताराम दास बैदपुर गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने पेड़ काटे जाने का विरोध किया था। इसके बाद महंत करीब 3 बजे अपने धजरई आश्रम आ गए। जब इसकी जानकारी आलोक चतुर्वेदी को लगी तो वह महंत से मिलने धजरई हनुमान मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान महंत सीताराम दास भड़क गए और दोनों के बीच विवाद हो गया था।
*हाईवे पर 5 घंटे लगाया था जाम*
विवाद के बाद महंत सीताराम दास महाराज धजरई तिराहा पर धरना देकर बैठ गए थे। जिससे सड़क के दोनों ओर करीब 5 घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। कोतवाली और देहात थाना पुलिस के साथ एसडीओपी ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया था, लेकिन रात करीब 8.30 बजे एफआईआर दर्ज होने के बाद महंत ने धरना समाप्त किया था।
*इन धाराओं में दर्ज हुआ था मामला*
महंत सीताराम दास महाराज की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी उर्फ पज्जन, छतरपुर कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनीस खान और एक अन्य के खिलाफ धारा 323, 452, 147, 149 के तहत केस दर्ज किया था।



