आरओ, मतदान दल एवं मतदाता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है सेक्टर ऑफीसर- जिला निर्वाचन अधिकारी, सेक्टर ऑफीसर्स का निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए रायसेन वन परिसर में सेक्टर ऑफीसर्स को दिए जा रहे निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे द्वारा जायजा लिया गया। कलेक्टर दुबे ने कहा कि सेक्टर ऑफीसर, रिटर्निंग ऑफीसर और मतदान दल, मतदाता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होता है जो सेक्टर में अपने दायित्वों और कर्तव्यों का निर्वहन सजगता पूर्वक कर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक सम्पन्न कराते हैं।
कलेक्टर दुबे ने सभी सेक्टर ऑफीसरों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन के समय किसी प्रकार की कठिनाई ना हो, इसके लिए वे पूरी एकाग्रता और लगन से निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करें। निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी प्रत्येक प्रक्रिया की पूरी जानकारी रखें। साथ ही आयोग के दिशा-निर्देशों का भी भलींभाति सूक्ष्मता से अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य में किसी भी प्रकार का संशय या कठिनाई होने पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए समाधान प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर ऑफीसर्स अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर फर्नीचर, बिजली व्यवस्था, आगमन-निर्गमन तथा बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लें। भ्रमण के दौरान सेक्टर ऑफीसर्स मतदाताओं से भी चर्चा कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करें। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सेक्टर ऑफीसर्स को चुनाव प्रबंधन, कानून व्यवस्था, आचार संहिता का पालन, मतदान प्रक्रिया, मतपत्रों एवं मतगणना की कार्य प्रणाली, मतदान दलों के सभी कर्मियों के दायित्वों के साथ समन्वय एवं जागरूकता के बारे में बताया गया।



