किसानों को बीमा क्लेम की राशि दिलाने को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सिलवानी। सोमवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले किसानों की बीमा क्लेम की राशि की मांग को लेकर रायसेन में कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि खरीफ वर्ष 2020 की फसलों की एक माह बीत जाने के बाद भी आज दिनांक तक किसानों की बीमा क्लेम की राशि कुछ किसानों की आ गई है सिलवानी तहसील के लगभग 400 से अधिक किसानों की बीमा राशि किसानों को प्राप्त नहीं हुई है। वहीं जिले के हजारों किसानों का बीमा नहीं मिलने को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा भोपाल एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक के समक्ष किसानों की बीमा राशि के भुगतान को लेकर ज्ञापन सौंपा। कंपनी के प्रबंधक द्वारा बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा सिलवानी द्वारा बीमा पोर्टल पर किसान की एक आईडी पर दस-दस किसानों को जोड़ दिया गया है, जिससे बैंक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस कारण बीमा कंपनी ने बैंकों को किसानों का बीमा देने से रोक दिया है, जबकि राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने सिलवानी तहसील की समस्त बैंकों को ज्ञापन के माध्यम से 14 फरवरी 2022 को अवगत कराया था कि भारत सरकार का पोर्टल 9 फरवरी से 22 फरवरी तक खुला है बैंकों द्वारा बीमा पोर्टल पर जो गलतियां की गई है उन्हें समय पर नहीं सुधारा गया तो पोर्टल बंद होने पर सुधार नहीं हो सकेगा। उक्त आशय का ज्ञापन कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिलवानी को भी सौंपा गया था, परंतु आज दिनांक तक संशोधन की कोई कार्यवाही न होने से यह स्थिति निर्मित हो रही है। पोर्टल संबंधी गलतियां सिलवानी तहसील की भारतीय स्टेट बैंक शाखा सिलवानी, शाखा सियरमऊ, शाखा सिमरिया खुर्द, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा, बम्हौरी, चंदन पिपलिया, सिलवानी, सेन्ट्रल बैंक आॅफ इंडिया, आईसीआईसी बैंक, पंजाब नेशनल बैंक को महासंघ द्वारा सभी बैंकों को की गई गलतियों और उससे हो रहे किसानों के नुकसान से ज्ञापन के माध्यम से समय पर अवगत करा दिया गया है। उक्त बैंकों के अतिरिक्त रायसेन जिले के अन्य बैंकों में भी यही गलतियां हुई है जिनका समय पर सुधार आवश्यक है, बैंकों द्वारा वर्ष 2019 में भी इस प्रकार की गलतियां की गई थी जिससे उन किसानों को आज दिनांक तक बीमा राषि प्राप्त नहीं हो सकी है। इस कारण संबंधित बैंकों पर जांचोंपरांत आवश्यक कार्यवाही भी आवश्यक है। महासंघ द्वारा ज्ञापन सौंपकर बीमा कंपनी से बात कर बीमा क्लेम की राशि का भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान मनमोहन सिंह, कृष्णकुमार रघु, भरत पटेल, शिवकुमार रघुवंशी आदि मौजूद रहे।



