सड़क न होने से सोजनी धाम जाने में श्रद्धालु परेशान
कई बार प्रशासन को दे चुके आवेदन, लेकिन नहीं हो रही सुनवाई, श्रद्धालुओं की परेशानी से अंजान बना पीडब्ल्यूडी विभाग
सिलवानी। बार-बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मिलकर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने का आग्रह कर चुके नीगरी गांव के निवासी आवेदन लेकर तहसीलदार रामजीलाल वर्मा के पास पहुंचे व आवेदन देकर सड़क का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने दिए एक आवेदन में नीगरी गांव से सोजनी धाम तक सड़क निर्माण कराने व गुणवत्ता युक्त सड़क निर्माण कराने की मांग की है। सड़क निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेकेदार से कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि नीगरी गांव से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोजनी धाम तक निर्माण एजेंसी द्वारा कछुआ चाल से निर्माण किया जा रहा है। यहां तक कि सड़क निर्माण में भी तय मापदंडों का उपयोग न करते हुए गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सड़क निर्माण अधूरा होने से आवागमन में ग्रामीणों को खासी दिक्कत हो रही है। इस मार्ग का उपयोग बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को श्रद्धालुओं द्वारा किया जाता है। लेकिन सड़क कच्ची होने व अधूरा निर्माण होने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। प्रत्येक मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु इस सड़क का पैदल ही उपयोग कर सोजनीधाम जाती है। हालांकि ग्रामीण पूर्व में जन प्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक सड़क निर्माण की मांग कर चुके है। मांग पर सभी द्वारा आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया गया। सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है लेकिन विभागीय अधिकारी भी लापरवाही बरत रहे हैं। आवेदन में सड़क निर्माण में की गई अनियमित्ताओं की जांच कराने व सड़क का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है।



