अंतरराष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण दिवस पर बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कटनी जिले की सशक्त नारी, समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियाँ हमारे देश, समाज, परिवार और भविष्य की मजबूत नींव हैं । उनकी सुरक्षा और सम्मान हर समाज की जिम्मेदारी है, तभी हमारी बेटियाँ निर्भीक और निडर होकर जीवन में नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकती हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को मिलकर लड़कियों के खिलाफ होने वाली हिंसा और भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं को रोकना होगा । कई बार बेटियों को परिवार और समाज के डर से जन्म के बाद त्याग दिया जाता है या कचरे के ढेर में छोड़ दिया जाता है, जो अत्यंत अमानवीय है । ऐसे मामलों में समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर बेटियों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए ।
रेखा अंजू तिवारी ने यह भी कहा कि यदि बेटियों को कहीं भी अपने प्रति खतरा महसूस हो तो उन्हें तुरंत साहस के साथ उसका सामना करना चाहिए और अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए । उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं और बेटियों का रास्ता भले ही थोड़ा कठिन हो, लेकिन उनके हौसले और मेहनत उन्हें मंजिल तक जरूर पहुँचाएंगे ।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से उन्होंने अपील की कि सभी मिलकर यह संकल्प लें कि बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए उन्हें अच्छी शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक साक्षरता और अपने जीवन के निर्णय लेने की पूर्ण स्वतंत्रता दी जाए । सरकार और प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं, तकनीकी शिक्षा तथा छोटे-छोटे व्यवसायों के माध्यम से महिलाएँ सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं ।
उन्होंने कहा कि जब समाज बेटियों पर विश्वास करेगा और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देगा, तब वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश का नाम रोशन करेंगी ।



