मूंग उड़द की खरीदी लगभग 5 हजार क्विंटल के पार, शासन के मापदंडों के अनुसार हो रही तुलाई

उप मंडी उमरियापान में ग्रेडर से छलनी के बाद ही हो रही खरीदी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उप मंडी उमरियापान में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से की जा रही है। खरीदी केंद्र पर गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए किसानों की उपज की जांच के बाद ही तुलाई की जा रही है । खरीदी प्रभारी नवीन चौरसिया ने बताया कि अब तक केंद्र पर लगभग 5 हजार क्विंटल मूंग एवं उड़द की खरीदी सफलतापूर्वक की जा चुकी है और प्रतिदिन किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं ।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक किसान की उपज को पहले ग्रेडर मशीन से छलनी (सफाई) कराई जाती है, जिससे धूल, मिट्टी, कंकड़ अलग हो सकें । निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरने के बाद ही उपज की तुलाई कर खरीदी की प्रक्रिया पूरी की जाती है । इससे किसानों को उचित मूल्य का लाभ मिल रहा है ।
खरीदी प्रभारी ने बताया कि कुछ किसान बिना ग्रेडर से साफ कराए ही अपनी मूंग एवं उड़द लेकर केंद्र पहुंच जाते हैं । ऐसे मामलों में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उपज नहीं होने के कारण तुलाई संभव नहीं हो पाती । उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी उपज को पहले ग्रेडर से अच्छी तरह साफ कराकर ही खरीदी केंद्र लाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक इंतजार या परेशानी का सामना न करना पड़े और खरीदी प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके ।
उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में किसानों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है । साथ ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे खरीदी के दौरान आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



