मध्य प्रदेश

कटनी में मॉक ड्रिल आज शाम, सरकार ने जारी की एडवाइजरी, ड्रिल के जरिए होगा अभ्यास

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में आज बुधवार को प्रस्तावित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान आमजन से सहयोग करने की अपील की गई है। सभी जिलेवासी करीब 15 से 20 मिनट तक चलने वाली इस मॉक ड्रिल के दौरान की जाने वाली गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा परिवेश के अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
सम्पूर्ण जिले में आज बुधवार को ऑपरेशन अभ्यास अंतर्गत ब्लैकआउट मॉक ड्रिल किया जाएगा । इस अभ्यास का उद्देश्य किसी आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान हमारी सामूहिक तैयारी, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है । यह मॉक ड्रिल केवल अभ्यास है, घबराएं नहीं। सभी नागरिकों से सहयोग अपेक्षित है ताकि किसी भी आपात स्थिति से बेहतर ढंग से निपटा जा सके । मॉक ड्रिल के दौरान सभी क्षेत्रों में सायरन व हूटर बजेंगे। विभिन्न मंदिर, मस्जिदों, वाहनों आदि के माध्यम से सायरन बजने की आवाज होने पर सभी नागरिक यथास्थिति में अपने घरों, दुकानों, होटलों, भवनों, वाहनों, कार्यालय या किसी भी परिसर की सभी लाइटें स्वेच्छा से बंद करें। अपने परिवार, पड़ोसियों और मित्रों को भी इस गतिविधि के बारे में जागरूक करें । घर की खिड़कियों और दरवाजों पर काले पर्दे या कवर लगाएं ताकि रोशनी बाहर न जाए । वाहन चलाते समय हेडलाइट्स का प्रयोग न करें, जब तक आवश्यक न हो । अफवाहों से बचें तथा सटीक जानकारी सुनें व प्रसारित करें । कटनी में यह अभ्यास सायंकाल 4 बजे से 8 बजे के मध्य किया जाएगा । ब्लैकआउट के लिए सायं 7.30 से 7,42 बजे का समय निर्धारित किया गया है।
ड्रिल के समय निर्धारित समय पर सभी बिजली के उपकरण बंद करें । स्थानीय प्रशासन, पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। ड्रिल के समय शांत रहें व अफवाहों से बचें । आपातकालीन सेवाओं ( जैसे एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन ) की सहायता के लिए रास्ता खुला रखें । ब्लैकआउट के दौरान टॉर्च या बैटरी से चलने वाले उपकरण साथ रखें । गांव व मोहल्लों में चौकसी रखें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें । शिक्षण संस्थानों और छात्रों को पूर्व सूचना देकर अभ्यास में सम्मिलित करें । ड्रिल समाप्ति की सूचना के बाद ही सामान्य स्थिति में लौटें।
सायरन व हूटर की आवाज सुनकर घबराएं नहीं। किसी प्रकार की भगदड़ आदि न करें । किसी प्रकार से रोशनी का प्रयोग न करें । ड्रिल के दौरान मोबाइल की फ्लैश लाइट या वाहन की हेडलाइट का अनावश्यक प्रयोग न करें । अफवाहें न फैलाएं और न ही सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी शेयर करें । ड्रिल के समय बाहर अनावश्यक रूप से घूमने से बचें। आपातकालीन सेवाओं में बाधा न डालें। भीड़ इकट्टी न करें और अनुशासन बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आतिशबाजी, तेज आवाज वाले उपकरणों या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न करें । ड्रिल को हल्के में न लें, यह आपकी सुरक्षा के लिए है । गांवों में भ्रम फैलाने वाली कहानियों या अंधविश्वास से बचें। लोगों को डराने या भयभीत करने की कोशिश न करें। प्रशासन के दिशा-निर्देशों की अवहेलना न करें।

Related Articles

Back to top button