सिलौंडी में 23 फरवरी को मूलनायक भगवान श्री चंद्रप्रभु का मोक्ष कल्याणक महोत्सव

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ग्राम सिलौंडी में स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभु जिनालय के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 23 फरवरी 2026, सोमवार को मूलनायक भगवान श्री चंद्रप्रभु का पावन मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
यह आयोजन समाधिस्थ गुरुवर 108 श्री सिद्धसागर महाराज की प्रेरणा से तथा 15 अगस्त 2025 को शाश्वत तीर्थक्षेत्र श्री सम्मेद शिखरजी में विराजमान आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य 108 मुनि श्री पवित्रसागरजी महाराज के विशेष आशीर्वाद से संपन्न होगा।
प्रातःकालीन कार्यक्रम
महोत्सव के अंतर्गत 23 फरवरी को प्रातः 9 बजे से भगवान श्री चंद्रप्रभु का पूजन, अभिषेक, शांतिधारा एवं निर्वाण लाडू अर्पण किया जाएगा। श्रद्धालु भक्तगण विधिवत पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
सायंकालीन आयोजन
सायंकाल में भक्तामर पाठ एवं भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस अवसर पर जबलपुर, सिहोरा, मुंबई सहित विभिन्न स्थानों में निवासरत सिलौंडी जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्मानुष्ठान में सहभागिता करेंगे।
मंदिर समिति द्वारा समस्त श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मोक्ष कल्याणक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई ।


