रायसेन के कॉलेज स्टूडेंट का इंदौर में फंदे पर लटका मिला शव

सोलह श्रृंगार : हाथ में हरी चूड़ियां, साड़ी पहनी, मेकअप भी किया; MPPSC की कर रहा था तैयारी
इंदौर । एमपी इंदौर में शुक्रवार देर रात एक कॉलेज छात्र का शव फंदे पर लटका हुआ मिला है। उसने महिलाओं की तरह साड़ी पहन रखी थी। मेकअप भी किया था। दोनों हाथ बंधे हुए थे और आंखों पर पट्टी बंधी थी। शव के आसपास खून बिखरा पड़ा था। मामला खंडवा नाका इलाके का है। छात्र ने सुसाइड किया है या उसे मारकर लटकाया गया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलतः रायसेन का रहने वाला पुनीत दुबे पिता त्रिभुवन दुबे उम्र 21 वर्ष पढ़ाई के लिए इंदौर आया था। पुनीत इकलौता बेटा था। वह रणजीत सिंह कॉलेज में BSc सेकंड ईयर का छात्र था। खंडवा नाका इलाके की एक मल्टी में किराए के रूम में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के रिश्तेदारों ने उसके शव को लेकर सूचना दी है। मौके पर पहुंचे अफसरों ने बताया कि मामला संदिग्ध है।
जिस कमरे में पुनीत दुबे फंदे पर लटका मिला, वहां खून भी फैला हुआ है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुनीत के पिता त्रिभुवन दुबे ने बताया शुक्रवार रात उसे कॉल किया था तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने इंदौर में ही रहने वाले एक परिचित से बेटे के रूम पर जाकर बात कराने के लिए कहा था।
पिता ने बताया कि पुनीत दुबे इकलौता बेटा था। कोचिंग और कॉलेज से आने के बाद पुनीत दुबे रात में एक बार फोन करता था। शुक्रवार को उसका कॉल नहीं आया। इसके कारण रात को हम लगातार कॉल कर रहे थे। फोन नहीं उठा रहा था। इस पर रिश्तेदारों को कॉल किया। वह रात को ही कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखा तो शव लटका हुआ था। बाद में रिश्तेदारों ने परिवार और पुलिस को सूचना दी।
परिवार के लोगों ने बताया आठ दिन पहले पुनीत दुबे ने इसी बिल्डिंग में अपना रूम बदला था। पहले वह दो दोस्तों के साथ रहता था। परिवार ने उन दोनों दोस्तों से भी बात की। उन्होंने बताया कि उसके महिलाओं वाले हुलिए और घटना ने आश्चर्य में डाल दिया है।
पिता को भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि दो महीने पहले ही पुनीत का जन्मदिन था। मां विभूति उससे मिलने इंदौर गई थी। काफी दिन उसके साथ रही, लेकिन कभी उसके वेशभूषा के बदलाव को नहीं देखा, न महसूस किया। वह लड़कों जैसे ही कपड़े पहनता है। उन्हें पूरे घटनाक्रम में हमें हत्या की आशंका है।



