धार्मिकमध्य प्रदेश

उमरियापान मे नागपंचमी चौरसिया दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा

सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और चिहूटिया महाराज, मनियादेव का होगा विशेष पूजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नागपंचमी पर्व के अवसर पर आगामी 17 अगस्त को उमरियापान में चौरसिया समाज द्वारा ‘चौरसिया दिवस पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा । इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान तथा चिहूटिया महाराज एवं मनियादेव का विशेष पूजन- अर्चन किया जाएगा । आयोजन को लेकर चौरसिया नवयुवक मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को झंडा चौक संन्यासी मंदिर में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं ।
समाज के अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने बताया कि नागपंचमी का पर्व चौरसिया समाज के लिए विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। समाज के लोग इस दिन परंपरानुसार चिहूटिया महाराज एवं मनियादेव की पूजा-अर्चना करते हैं तथा पूरे उत्साह के साथ इसे ‘चौरसिया दिवस’ के रूप में मनाते हैं । उन्होंने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की ।
उन्होंने बताया कि पर्व की शुरुआत सुबह समाज के लोग अपने-अपने पान बरेजों में पहुंचकर नागबेल की विधिवत पूजा-अर्चना से करेंगे । नागदेवता का स्मरण करते हुए दूध, फल, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी तथा सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से चौरसिया नवयुवक मंडल के तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें समाज के बच्चे एवं युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा ।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 4 बजे मंगल भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी । डीजे, बैंड-बाजों धुन एवं चिहुटिया महाराज मनियादेव के जयघोष के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ढीमरखेड़ा रोड स्थित नहर के समीप चिहूटिया महाराज के चबूतरे तक पहुंचेगी। यहां समाजजन सामूहिक रूप से विशेष पूजन-अर्चन करेंगे और समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं आपसी एकता की कामना करेंगे। पूजन के साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा ।
समाज के बुजुर्गो ने बताया कि चिहूटिया महाराज एवं मनियादेव की पूजा की परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है। समाज में यह मान्यता प्रचलित है कि इस आराधना का संबंध बुंदेलखंड के वीर योद्धा आल्हा-ऊदल के परिवार की परंपरा से भी जुड़ा हुआ है ।
बैठक में समाज के अध्यक्ष आशीष चौरसिया सहित सुरेश चौरसिया, के.के. चौरसिया, राकेश चौरसिया, दीपक चौरसिया, शरद चौरसिया, प्रदीप चौरसिया, अन्नू चौरसिया, पीसी चौरसिया, मंझल चौरसिया, अप्पी चौरसिया, मनोज चौरसिया, टीटू चौरसिया, सुनील चौरसिया, सोनू चौरसिया, प्रशांत चौरसिया, लकी चौरसिया, बड्डा चौरसिया, उमाकांत चौरसिया, पप्पू चौरसिया, संजू चौरसिया, काकू चौरसिया, हिमांशु चौरसिया सहित बड़ी संख्या में नवयुवक मंडल के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button