राष्ट्रीय किसान संघ मजदूर महासंघ ने क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। राष्ट्रीय किसान संघ मजदूर महासंघ के कार्यकर्ताओं द्वारा भोपाल पहुंचकर एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लि. के क्षेत्रीय प्रबंधक को खरीफ 2020 एवं 2021 रबी में डेटा की तुटी के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया षाखा सिलवानी में कुछ किसानों की बीमा क्लेम की राशि आई है और लगभग चार सौ किसानों की आज दिनांक तक राशि नहीं आई है। जब किसानों ने बीमा कंपनी भोपाल में पता किया तब बीमा कंपनी द्वारा बताया गया एक आईडी पर दस-दस किसानों के नाम जोड़ दिए गए है इस कारण बीमा की राशि नहीं डल पा रही है। बीमा कंपनी द्वारा पोर्टल लाॅक कर दिया गया है, अब यह चाहकर भी इसमें बैंक सुधार नहीं कर पा रही यही स्थिति बहुत सारी बैंकों में भी है। किसान बीमा राशि न मिलने के कारण सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत करने को मजबूर है एवं बार-बार संगठन द्वारा ज्ञापन भी दिए जा रहे है। संगठन द्वारा ज्ञापन सौंपकर बीमा कंपनी द्वारा जिन किसानों की राशि बैंक खातों में नहीं भेजी जा सकी उन किसानों की सूची एवं बीमा क्लेम की राशि संबंधित बैंकों को भेजकर डलवाने की मांग की। समस्या का जल्द निराकरण नहीं होने पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ धरना प्रदर्शन आंदोलन को बाध्य होगा। इस दौरान मनमोहन सिंह, कृष्णकुमार रघुवंशी, शिवकुमार रघुवंशी आदि मौजूद रहे।



