बाइक को टक्कर मार कर ट्रक पलटा, तीन की मौत, शव के उड़े चिथड़े, चालक फरार

दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र की घटना
ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह। एमपी में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला दमोह जिले का है जहां तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे के बाद ट्रक सड़क के किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे शव को व्यवस्थित किया।
जानकारी के अनुसार जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के ताज की पुलिया के समीप हादसा हुआ है। ट्रक और दो बाइक में आमने सामने भिड़ंत हो गई और ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार के शव के चिथड़े उड़ गए। शरीर के कई अंग सड़क पर ही बिखरे थे। पुलिस मौके पर पहुंची राहत कार्य में जुट गई।
मौके पर हिंडोरिया पुलिस पहुंची जहां तीनों के शव की शिनाख्ती करते हुए बताया कि मृतक कपिल अहिरवार उम्र 35 से 40 वर्ष निवासी हिंडोरिया और दूसरी बाइक में अनिमेष मिश्रा निवासी निमरमुंडा उम्र 20 वर्ष और वंश मिश्रा उम्र 16 वर्ष निवासी निमरमुंडा तौर पर शिनाख्त हुई है। एक हाईवे गिट्टी भरकर दमोह से हिंडोरिया की ओर जा रहा था तभी ताज पुलिया के पास दो बाइक चपेट में आ जाने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और हाईवे अनियंत्रित होकर पलट गया।



